शुभेंदु अधिकारी के PA हत्याकांड में राज सिंह निर्दोष, कोर्ट ने किया रिहा

Share This News

DESK: Suvendu Adhikari के पूर्व निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में संदेह के आधार पर गिरफ्तार किए गए राज सिंह को आखिरकार राहत मिल गई है। सीबीआई जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के बाद अदालत ने उन्हें रिहा कर दिया। गुरुवार को मीडिया के सामने आए राज सिंह ने दावा किया कि यदि मामले की जांच सीबीआई के पास नहीं जाती, तो उनकी जान को गंभीर खतरा हो सकता था।

राज सिंह ने कहा कि गिरफ्तारी के बाद उन पर काफी मानसिक दबाव था और उन्हें डर था कि कहीं उनका फर्जी एनकाउंटर न कर दिया जाए। उन्होंने बताया कि परिवार के सहयोग और मजबूत सबूतों की वजह से वह खुद को निर्दोष साबित कर पाए।

राज की बहन दीपशिखा ने पहले ही जानकारी दी थी कि अदालत ने उन्हें जमानत दे दी है। कोर्ट में पेश किए गए दस्तावेज, सीसीटीवी फुटेज और अन्य प्रमाणों से यह स्पष्ट हुआ कि घटना वाले दिन राज सिंह बलिया में मौजूद थे। सीबीआई ने भी परिवार की ओर से दिए गए सबूतों की जांच की, जो सही पाए गए। रिहाई के बाद राज सिंह अपनी मां जामवंती से मिले और पूरे घटनाक्रम की जानकारी साझा की।

राज सिंह का कहना है कि अगर सीसीटीवी फुटेज सामने नहीं आता, तो शायद वह आज जीवित नहीं होते। उन्होंने यह भी कहा कि वह अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा, पूर्वांचल प्रांत में प्रदेश सचिव के पद पर हैं, लेकिन मुश्किल समय में संगठन ने उनका साथ नहीं दिया। इसी वजह से उन्होंने संगठन से इस्तीफा देने के संकेत भी दिए हैं।

राज की मां जामवंती ने कहा कि उन्हें भगवान राम पर पूरा भरोसा था। उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी से पहले परिवार ने अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन किए थे और उसी आस्था की बदौलत उनका बेटा सुरक्षित घर लौट पाया।

गौरतलब है कि इस हत्याकांड में 10 मई को बिहार के बक्सर से मयंक मिश्रा और विक्की मौर्य को गिरफ्तार किया गया था। इनके जरिए मिले सुराग के आधार पर अगले दिन राज सिंह को हिरासत में लिया गया। बाद में 18 मई को बलिया के रसड़ा क्षेत्र से जुड़े राजकुमार सिंह को भी मुजफ्फरनगर से पकड़ा गया। जांच में सामने आया कि राजकुमार कई दस्तावेजों में खुद को “राज” लिखता था और उसकी शक्ल-सूरत भी राज सिंह से काफी मिलती-जुलती थी।

परिवार के मुताबिक, कोलकाता अदालत से जमानत मिलने के बाद राज सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें वह आत्मविश्वास के साथ कहते नजर आए कि जल्द ही हर सवाल का जवाब सामने आएगा और मीडिया से भी वह खुलकर बात करेंगे।

Leave a comment