धनबाद के जिला परिषद मैदान में भव्य ‘लंदन सिटी डिजनीलैंड मेले’ का आगाज़ हो गया है। आयोजक धर्मराज पाण्डेय, अरुण पिल्लई, गिरिजाशंकर सिंह, पगड़ी बाबा और प्रसिद्ध नारायण सिंह ने शनिवार को प्रेसवार्ता के माध्यम से बताया कि इस वर्ष मेले को बेहद खास बनाया गया है। मेले का मुख्य आकर्षण इसका प्रवेश द्वार है, जिसे ‘लंदन सिटी गेट’ की थीम पर तैयार किया गया है। मनोरंजन और खरीदारी के शौकीनों के लिए यह मेला किसी सौगात से कम नहीं है। यहाँ विभिन्न राज्यों और देशों की प्रसिद्ध वस्तुओं के स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें दुबई के इत्र, कोलकाता के मशहूर ब्रांडेड अचार और दिल्ली से आए आधुनिक मोबाइल कवर मुख्य हैं। महिलाओं के लिए सिटी गोल्ड के गहने, साउथ सिल्क और भागलपुरी सिल्क की साड़ियों का विशाल संग्रह उपलब्ध है, वहीं घरेलू उपयोग के लिए किचन किंग के उत्पाद और बालों की देखभाल के लिए विशेष आदिवासी हर्बल तेल के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इसके साथ ही जूतों और चप्पलों की भी कई वैरायटी यहाँ देखने को मिल रही है। मेले में बच्चों और बड़ों के मनोरंजन के लिए विश्वस्तरीय झूलों का प्रबंध किया गया है। रोमांच के शौकीन लोग जॉइंट व्हील, ड्रैगन ट्रेन, ब्रेक डांस और नाव का आनंद ले रहे हैं, वहीं बच्चों के लिए मिक्की माउस, स्कॉर्पियो, हेलीकॉप्टर और तारामाची जैसे झूले लगाए गए हैं। रोमांच को दोगुना करने के लिए यहाँ एक भूत बंगला भी बनाया गया है। वहीं खान-पान के शौकीनों के लिए फूड कोर्ट में चाट, चाऊमीन, बर्गर, भेलपूरी और बटाटापूरी के साथ-साथ आइसक्रीम और कोल्ड ड्रिंक्स के बेहतरीन व्यंजन उपलब्ध हैं।