पढ़ाई की कीमत इतनी भारी! फीस के लिए छात्र ने किया किडनी बेचने का फैसला

Share This News

बिहार: उत्तर प्रदेश में पुलिस जांच के दौरान आयुष नाम के छात्र ने अपनी गर्लफ्रेंड से फोन पर बात कराई, जो बेगूसराय की रहने वाली है। सूचना मिलने पर वह बुधवार दोपहर कानपुर पहुंची और पुलिस की निगरानी में दोनों की मुलाकात कराई गई। जैसे ही आयुष ने उसे देखा, वह भावुक हो गया और रोते हुए अपनी गलती स्वीकार करता रहा। उसकी गर्लफ्रेंड ने उसे संभालते हुए हिम्मत दी और भरोसा दिलाया कि हालात सुधर जाएंगे।

आयुष कुमार, जो एमबीए का छात्र है, फिलहाल कानपुर के हैलट अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है। उसकी स्थिति देखकर लोग भावुक हो जा रहे हैं। पुलिस जब उसके परिवार को जानकारी देने की बात करती है, तो वह घबरा जाता है और बार-बार उनसे अपनी मां को कुछ न बताने की विनती करता है। उसने घर से नौकरी के बहाने कानपुर आने की बात कही थी।

दोनों छात्र देहरादून की Graphic Era University में पढ़ाई करते हैं। आयुष चौथे सेमेस्टर में है, जबकि उसकी गर्लफ्रेंड दूसरे सेमेस्टर की छात्रा है।

पुलिस को दिए बयान में आयुष ने बताया कि फीस जमा न कर पाने की वजह से वह काफी समय से तनाव में था। परिवार की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है—पिता का निधन हो चुका है और घर की जमीन गिरवी रखी हुई है, जिससे उसे लोन भी नहीं मिल पाया।

उसने यह भी बताया कि पहले वह साइबर ठगी के जाल में फंस गया था और ‘म्यूल अकाउंट’ खुलवाने के बावजूद उसे पैसे नहीं मिले। इसी बीच उसकी मुलाकात एक एजेंट से हुई, जिसने उसे किडनी बेचने के लिए तैयार कर लिया। सौदा करीब 6 लाख रुपये में तय हुआ था, जिसमें आधी रकम पहले और बाकी ऑपरेशन के बाद देने की बात हुई थी। लेकिन ऑपरेशन के बाद उसे केवल लगभग साढ़े तीन लाख रुपये ही मिले, जबकि बाकी पैसे अभी तक नहीं दिए गए हैं।

Leave a comment