दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) ने गुरुवार को एक अहम फैसला लेते हुए सांसद Raghav Chadha को राज्यसभा में उपनेता पद से हटा दिया है। उनकी जगह अब Ashok Mittal को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस संबंध में पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को आधिकारिक पत्र भेजकर जानकारी दे दी है।
पार्टी के पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि सदन में पार्टी की ओर से बोलने के लिए Raghav Chadha को समय न दिया जाए। राघव चड्ढा साल 2022 से पंजाब का प्रतिनिधित्व करते हुए राज्यसभा सांसद हैं और उनका कार्यकाल 2028 तक निर्धारित है। हालांकि, पार्टी ने इस बदलाव के पीछे की वजह सार्वजनिक नहीं की है।
सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ समय से Raghav Chadha की पार्टी गतिविधियों में सक्रियता कम देखी जा रही थी और वे AAP से जुड़े मुद्दों पर सार्वजनिक रूप से ज्यादा बयान भी नहीं दे रहे थे। यहां तक कि 27 फरवरी को जब Arvind Kejriwal को दिल्ली शराब नीति मामले में CBI अदालत से राहत मिली, तब भी उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी।
हालांकि, राज्यसभा में वे गिग वर्कर्स और स्कूल फीस जैसे जनहित के मुद्दों को उठाते रहे हैं।
वहीं, नए उपनेता बने Ashok Mittal भी पंजाब से राज्यसभा सांसद हैं। वे Lovely Professional University के संस्थापक और चांसलर हैं। साल 2022 में वे राज्यसभा पहुंचे थे। राजनीति में आने से पहले वे एक सफल कारोबारी के रूप में जाने जाते रहे हैं। उनका परिवार ‘लवली ग्रुप’ के जरिए ऑटोमोबाइल और मिठाई के कारोबार से जुड़ा हुआ है।