रामनवमी घटना को लेकर कांग्रेस का दौरा, साजिश का आरोप; निष्पक्ष जांच की मांग

Share This News

धनबाद : रामनवमी के अवसर पर बलियापुर के भिखराजपुर में हुई घटना के संदर्भ में धनबाद जिला कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में घटनास्थल पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ितों एवं अन्य संबंधित पक्षों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली।

दौरे के बाद जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि प्राप्त तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर यह मामला सुनियोजित प्रतीत होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटनाक्रम में भाजपा सांसद से जुड़े कुछ लोगों की भूमिका संदिग्ध लग रही है। उन्होंने यह भी कहा कि विभिन्न स्थानों से कुछ लोगों के बलियापुर पहुंचने की जानकारी सामने आई है, जिसके समर्थन में कुछ वीडियो साक्ष्य होने का भी दावा किया गया है।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सिंदरी के डीएसपी से मुलाकात कर संबंधित साक्ष्य और तथ्य सौंपे। पार्टी ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

कांग्रेस का कहना है कि इस तरह की घटनाएं सामाजिक सौहार्द को प्रभावित कर सकती हैं। पार्टी ने आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ के लिए समाज में विभाजन का प्रयास किया जा रहा है।

वहीं, कांग्रेस ने यह भी कहा कि वह भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की नफरत की राजनीति का विरोध करेगी।

पार्टी ने पुलिस प्रशासन से अपील की है कि पूरे मामले में निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।

इस मौके पर झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुमार गौरव उर्फ सोनू, क्यूम खान, ईरफान खान चौधरी, शाहीद कमर, जहीर अंसारी, संतोष चौधरी, गोपाल कृष्ण चौधरी, संतोष मोदक सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

कुसुम न्यूज़ से कुमार की रिपोर्ट

Leave a comment