प्रशासन ने की नशा छोड़ने व स्वस्थ जीवन शैली अपनाने की अपील
लोगों ने की साइक्लिंग, स्केटिंग, शूटिंग सहित अनेक एक्टिविटी
हेल्थ ड्रिंक, पौष्टिक व्यंजनों का उठाया लुफ्त
उपायुक्त, एसएसपी सहित 15 ने किया रक्तदान
लोगों ने लिया नशा मुक्त धनबाद बनाने का संकल्प
शनिवार को जिला प्रशासन द्वारा लुबी सर्कुलर रोड पर सुबह 6 बजे से नशा मुक्ति जागरूकता के लिए आयोजित “हैप्पी स्ट्रीट” कार्यक्रम को नागरिकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। इसमें साइक्लिंग, स्केटिंग, शूटिंग सहित कई प्रकार की एक्टिविटी ने बच्चों व बड़ों को चार घंटे तक व्यस्त रखा। “हैप्पी स्ट्रीट” में हेल्थ ड्रिंक, पौष्टिक व्यंजन के अलावा अनेक एक्टिविटी को शामिल किया गया था।
कार्यक्रम में उपायुक्त श्री आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज, नगर आयुक्त श्री आशीष गंगवार, अनुमंडल दंडाधिकारी श्री लोकेश बारंगे, ग्रामीण एसपी श्री कपिल चौधरी सहित अन्य पदाधिकारियों ने लुबी सर्कुलर रोड से पूजा टॉकीज, डीआरएम चौक, कोर्ट रोड, रणधीर वर्मा चौक होते हुए लुबी सर्कुलर रोड तक साइक्लिंग कर लोगों को स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में नशे की लत से छुटकारा पाने, जानकारी लेने और सहायता के लिए नशा मुक्ति केंद्र, शारीरिक व खेल गतिविधियाँ, स्केटिंग, राइफल शूटिंग, आर्चरी, योगा, बास्केटबॉल डंक, लाइव बैंड, ह्यूमन लूडो, डार्ट गेम, कला और साहित्य, ओपन क्विज़, कविता और शायरी, छात्रों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता, शहर की सुंदरता को कैनवास पर उतारने के लिए “पेंट माय सिटी”, सिग्नेचर बोर्ड, सामाजिक संदेशों या मनोरंजन पर आधारित छोटे नाटक, हेल्थ चेकअप कैंप, रक्तदान शिविर, झारखंड के पारंपरिक नृत्य, नुक्कड़ नाटक, सड़क सुरक्षा, विविध प्रकार के फूड स्टॉल सहित अन्य गतिविधियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रही।
