विश्व डाउन सिंड्रोम दिवस पर पहला कदम में खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन, जागरूकता रैली का आह्वान

Share This News

धनबाद:नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित विशेष दिव्यांग बच्चों के स्कूल पहला कदम, जगजीवन नगर में विश्व डाउन सिंड्रोम दिवस के उपलक्ष्य में दो दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के प्रथम दिन खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।इस अवसर पर स्कूल परिसर में 100 मीटर दौड़, 50 मीटर दौड़, हाई जंप (लड़के एवं लड़कियाँ), गेंद खेल, रस्साकशी, क्रिकेट एवं बैडमिंटन जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सभी बच्चों ने पूरे उत्साह, जोश और आत्मविश्वास के साथ भाग लेकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
प्रतियोगिताओं के परिणाम भी घोषित किए गए, जिसमें 100 मीटर दौड़ में कौशल अग्रवाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि द्वितीय स्थान पर समीर उपाध्याय रहे। वहीं हाई जंप (बालिका वर्ग) में नंदिनी ने प्रथम स्थान हासिल कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।शिक्षकों एवं स्टाफ ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। स्कूल की सचिव अनीता अग्रवाल ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास को बढ़ावा देना है, साथ ही उनमें आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।साथ ही इस अवसर पर यह जानकारी दी गई कि विश्व डाउन सिंड्रोम दिवस के तहत आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन शनिवार 21 मार्च को एक जागरूकता रैली निकाली जाएगी। रैली का उद्देश्य समाज में डाउन सिंड्रोम के प्रति जागरूकता फैलाना एवं लोगों को संवेदनशील बनाना है।
संस्थान की ओर से आम जनता से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस जागरूकता रैली में शामिल होकर बच्चों का मनोबल बढ़ाएं और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में अपना सहयोग दें।

Leave a comment