धनबाद, 26 जनवरी 2025:76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर धनबाद पुलिस लाइन में मुख्य समारोह का आयोजन किया गया। एसएसपी एचपी जनार्दनन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस मौके पर उन्होंने पुलिस बल को संबोधित करते हुए जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने का संकल्प लिया।
एसएसपी ने कहा कि नशे का कारोबार समाज के लिए एक गंभीर समस्या बन चुका है, जो युवाओं को अपनी चपेट में ले रहा है। इसे नेस्तनाबूद करने के लिए धनबाद पुलिस हर संभव प्रयास करेगी। उन्होंने पुलिस बल को सतर्कता, ईमानदारी और समाज के प्रति समर्पण की भावना के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर आयोजित परेड में पुलिस बल ने अनुशासन और दक्षता का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित भी किया गया।समारोह में धनबाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, जवान और उनके परिवार के सदस्य उपस्थित थे। एसएसपी ने जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और सभी से समाज में शांति और एकता बनाए रखने की अपील की।