धनबाद, 14 जनवरी 2025: डिगवाडीह स्थित कार्मल स्कूल में 10वीं कक्षा की छात्राओं के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार के मामले ने तूल पकड़ लिया है। झारखंड अभिभावक महासंघ ने इस प्रकरण को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई और जिम्मेदारों की गिरफ्तारी की मांग की है। महासंघ ने स्कूल और प्रशासन के बीच हुए समझौते को लीपापोती करार दिया है।
रणधीर वर्मा चौक पर एकदिवसीय उपवास-::झारखंड अभिभावक महासंघ के पप्पू सिंह ने मामले के विरोध में रविवार को रणधीर वर्मा चौक पर एकदिवसीय उपवास किया। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन का यह कदम छात्रों के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाने वाला है। उन्होंने प्रशासनिक जांच को औपचारिकता बताते हुए निष्पक्ष और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
क्या है मामला?-::10वीं कक्षा की छात्राओं ने कार्मल स्कूल में पेन डे मनाया था, जिसे स्कूल प्रबंधन ने अनुशासनहीनता का मामला बताया। आरोप है कि प्रबंधन ने छात्राओं की शर्ट उतरवाकर उन्हें केवल ब्लेजर पहनने को कहा। इस घटना से नाराज अभिभावकों ने शनिवार को उपायुक्त माधवी मिश्रा से शिकायत की। इसके बाद प्रशासन और डालसा (जिला विधिक सेवा प्राधिकरण) की टीम ने स्कूल में जांच की।
अभिभावकों और महासंघ की मांग-::महासंघ का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में घटना से जुड़े तथ्यों को स्पष्ट रूप से देखा जाना चाहिए। पप्पू सिंह ने कहा कि इस तरह के घटनाक्रम छात्रों के मनोबल को प्रभावित कर सकते हैं और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रशासन का पक्ष-::प्रशासन की ओर से कहा गया है कि प्रारंभिक जांच में सीसीटीवी फुटेज में कोई आपत्तिजनक तथ्य नहीं पाया गया है। स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों के बीच सहमति से मामले को सुलझा लिया गया है।
झारखंड अभिभावक महासंघ ने चेतावनी दी है कि अगर मामले में दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।