धनबाद, 14 जनवरी 2025: सर्वधर्म सामूहिक विवाह समिति द्वारा बुधवार को धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में 101 जोड़ों का सामूहिक विवाह आयोजित किया जा रहा है। सभी जोड़ों को उनके रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह बंधन में बांधा जाएगा। इस भव्य आयोजन में युवतियों के हाथों में मेहंदी सजाई गई और संगीत कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
विशाल मंच और दस हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था-::समारोह के लिए 200 फीट लंबा और 30 फीट चौड़ा भव्य मंच तैयार किया गया है। दर्शकों के लिए 10,000 कुर्सियां लगाई गई हैं। समिति के सदस्य जया सिंह ने बताया कि युवतियों को आशा महिला ग्रुप की महिलाओं ने मेहंदी लगाई। इसके साथ ही संगीत कार्यक्रम में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
शक्ति मंदिर समिति का योगदान-;:शक्ति मंदिर समिति इस बार भी सभी दुल्हनों को साड़ी और चुनरी प्रदान करेगी। समिति के संयुक्त सचिव सुरेंद्र अरोड़ा ने बताया कि कुल 122 चुनरी और 101 साड़ियां दी जाएंगी। प्रमुख अतिथियों को चुनरी देकर सम्मानित करने की योजना है।
सामूहिक विवाह की शुरुआत और बढ़ती भव्यता-::यह सामूहिक विवाह आयोजन 2014 में 51 जोड़ों के विवाह से शुरू हुआ था। हर साल जोड़ों की संख्या बढ़ती गई, और अब यह कार्यक्रम बड़े पैमाने पर आयोजित हो रहा है। समिति की यह पहल जरूरतमंद परिवारों की सहायता और सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा देने के लिए की जाती है।
महिलाओं की महत्वपूर्ण भागीदारी-::इस आयोजन में सुनीता सिंह, पिंकी सिंह, अपराजिता, मीनू अग्रवाल, दीपाली, पिंकी गुप्ता, पूनम बिंदी पाठक, सुष्मा प्रसाद, अन्नू, संगीता जायसवाल, बबिता सिंह, अर्चना, और रमा सिन्हा जैसी महिलाएं सक्रिय रूप से शामिल हुईं।
भविष्य में और भव्य आयोजनों की उम्मीद-::यह आयोजन समाज के सभी वर्गों के सहयोग से न केवल सफल रहा है, बल्कि हर साल इसे और भी अधिक भव्यता से मनाने की योजना है।