गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह धनबाद के रणधीर वर्मा स्टेडियम में, झांकियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां जोरों पर

Share This News

धनबाद: गणतंत्र दिवस 2025 का मुख्य समारोह रणधीर वर्मा स्टेडियम (गोल्फ ग्राउंड) में आयोजित होगा। इसके तहत विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक झांकियां निकाली जाएंगी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। तैयारी को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सुश्री माधवी मिश्रा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक हुई।

उपायुक्त ने बताया कि झांकियों में सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को दर्शाने और प्रेरणादायक संदेश शामिल करने का निर्देश दिया गया है। समारोह में जिला सशस्त्र बल, झारखंड सशस्त्र बल, एनसीसी, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ और होमगार्ड की प्लाटून परेड में हिस्सा लेंगी। परेड का पूर्वाभ्यास 20-23 जनवरी तक होगा, जबकि 24 जनवरी को उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक फाइनल रिहर्सल का निरीक्षण करेंगे।

झंडोत्तोलन समारोह 26 जनवरी को सुबह 9 बजे रणधीर वर्मा स्टेडियम में उपायुक्त द्वारा किया जाएगा। इसके बाद अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर अधिकारियों द्वारा झंडोत्तोलन किया जाएगा।इस वर्ष समाज कल्याण, स्वास्थ्य, वन, पुलिस, कृषि, शिक्षा, जनसंपर्क, नगर निगम समेत कई विभाग झांकियां निकालेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम शाम को न्यू टाउन हॉल में आयोजित होगा।

बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक श्री हृदीप पी जनार्दनन, नगर आयुक्त श्री रवि राज शर्मा, सिटी एसपी श्री अजीत कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री राजेश कुमार, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। साथ ही बीसीसीएल, टाटा स्टील, और एमपीएल के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

Leave a comment