बोकारो (Bokaro): शहर में बढ़ते अपराध पर नियंत्रण के लिए पुलिस प्रशासन ने निगरानी और सख्ती बढ़ा दी है। इसी तहत सेक्टर-5 स्थित पत्थर कट्टा चौक, पुस्तकालय मैदान के पास, विशेष एंटी क्राइम वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान की कमान सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने संभाली। मौके पर सेक्टर-4 थाना प्रभारी संजय कुमार, सेक्टर-6 थाना प्रभारी संगीता कुमारी और पुलिस बल के अन्य जवान भी तैनात रहे।
जांच के दौरान खासतौर पर संदिग्ध दोपहिया वाहन चालकों और काली फिल्म लगी कारों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए चालान काटे गए। जिन वाहनों में ब्लैक फिल्म पाई गई, उन्हें वहीं हटवाया गया।
सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने बताया कि इस तरह के अभियान का उद्देश्य शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगे भी नियमित रूप से इस तरह की सघन जांच अभियान चलाए जाएंगे, ताकि असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना बनी रहे।