धनबाद (DHANBAD):
सिंदरी स्थित बाबासाहब भीमराव अंबेडकर परिसर में एसटी, एससी एवं पिछड़ा वर्ग समन्वय परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष शिवपुजन राम ने की। कार्यक्रम की शुरुआत बाबासाहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की आदमकद प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने से हुई। इसके बाद ध्वजारोहण कर “जय भीम” के नारों के साथ उपस्थित लोगों ने जोहार एवं प्रणाम किया।
कार्यक्रम का संचालन रविंद्र प्रसाद ने किया। इस दौरान स्वर्गीय मनोज एवं स्वर्गीय सागर पासवान के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए बौद्धिस्ट नरेश नागवंशी ने कहा कि बाबासाहब का संपूर्ण जीवन समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि अपने सिद्धांतों के कारण बाबासाहब को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन वे कभी अपने मार्ग से नहीं डिगे। उन्होंने डॉ. अंबेडकर के विचारों को याद करते हुए कहा कि शिक्षा, संगठन और संघर्ष ही समाज के कल्याण का मार्ग है, साथ ही अंधविश्वास के खिलाफ जागरूकता जरूरी है।
परिषद के सलाहकार भोला पासवान ने अपने संबोधन में कहा कि बाबासाहब का विचार केवल एक सोच नहीं, बल्कि एक दर्शन है। इसे आत्मसात करने के लिए एसटी, एससी और ओबीसी वर्ग के लोगों को समाज सेवा के प्रति पूर्ण समर्पण के साथ आगे आना होगा।
महासचिव विजय कुमार राउत ने कहा कि संगठन तभी मजबूत बन सकता है जब समाज विरोधी तत्वों का सामाजिक बहिष्कार किया जाए और एकजुट होकर कार्य किया जाए।
बैठक के दौरान फकीरा पासवान को परिषद का सलाहकार एवं अरुण पासवान को उपाध्यक्ष पद की शपथ अध्यक्ष शिवपुजन राम द्वारा दिलाई गई।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सुरेश प्रसाद, चंद्रवती देवी, बुधन राम, सुभाष वाउरी, रविदास, वी. मॉर्गन, प्रकाश कुमार, अमित कुमार शर्मा, आकाश कुमार, राजा राम, राजन कुमार, राजेश पासवान, कुंदन राम, शंकर राम, लाल मोहन पासवान, विक्रम पासवान, गणेश पासवान, उपेंद्र कुमार सहित कई कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही।