धनबाद। सनातन संस्था के रजत महोत्सव के उपलक्ष में सनातन राष्ट्र शंखनाद महोत्सव का भव्य और ऐतिहासिक आयोजन आगामी 13 और 14 दिसंबर 2025 को भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी धनबाद के गांधी सेवा सदन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान स्वागत समिति के सदस्य शंभू गवारे ने दी।
उन्होंने बताया कि इस महोत्सव में देशभर से संत-महंत, केंद्रीय मंत्री, कई राज्यों के मंत्री और हजारों साधक शामिल होंगे। दिल्ली में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में साधकों की उपस्थिति से “सनातन राष्ट्र का शंखनाद” गूंजेगा। गवारे के अनुसार, कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित करने की मांग को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करना है। इसी क्रम में देशभर में विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। साथ ही झारखंड के मंत्री संजय सेठ सहित अन्य कई मंत्री भी शामिल होने वाले हैं। महोत्सव में राष्ट्रीय सुरक्षा, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।
गवारे ने बताया कि कार्यक्रम स्थल भारत मंडपम में तीन दिवसीय प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें भारत के गौरवशाली इतिहास को प्रदर्शित किया जाएगा ताकि आने वाली पीढ़ियों को अपने अतीत की जानकारी मिल सके। उन्होंने हाल ही में दिल्ली में हुए बम विस्फोट का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं और उनके पीछे की मंशा से समाज को अवगत कराना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से महोत्सव के दौरान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।