धनबाद:- धनबाद प्रधान डाकघर की ओर से आज आमलोगों को विभिन्न केंद्रीकृत योजनाओं और डाक विभाग की सेवाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से एक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में प्रधान डाकघर के सभी अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। सुबह से ही कर्मचारियों का जमावड़ा प्रधान डाकघर परिसर में देखा गया, जहां सभी ने हाथों में प्लेकार्ड और बैनर लेकर लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया।
रैली शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए गुजरी। इस दौरान आम नागरिकों को डाक विभाग द्वारा संचालित प्रमुख योजनाओं—सुकन्या समृद्धि योजना, वरिष्ठ नागरिक बचत योजना, डाक जीवन बीमा, ग्रामीण डाक जीवन बीमा, इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक की सुविधाएं, स्पीड पोस्ट, पार्सल सेवा, आधार अपडेट सेवा सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ डाक अधीक्षक ने बताया कि डाक विभाग लगातार अपनी सेवाओं का विस्तार कर रहा है। लेकिन कई बार जानकारी के अभाव में लोग लाभ प्राप्त नहीं कर पाते। इसी कारण विभाग द्वारा योजनाओं को घर-घर और आमजन तक पहुंचाने के लिए इस प्रकार की जागरूकता रैली आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि डाकघर अब सिर्फ पत्र भेजने तक सीमित नहीं है, बल्कि डिजिटल बैंकिंग, बीमा, बचत योजना से लेकर सरकारी योजनाओं का बड़ा केंद्र बन चुका है।
वरिष्ठ अधीक्षक ने यह भी कहा कि आने वाले समय में डाक विभाग और भी आधुनिक सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने की दिशा में कार्य करेगा। रैली के माध्यम से लोगों को भरोसा दिलाया गया कि डाकघर सुरक्षित, सरल और विश्वसनीय सेवाएं प्रदान करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
रैली के सफल संचालन में कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका और शहरवासियों का सहयोग देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में सभी कर्मचारियों ने विभागीय योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया।