जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): गोलमुरी के हिंदू लाइन इलाके में स्थित भारत रेडिमेड हॉलसेल के कपड़ा गोदाम में मंगलवार तड़के अचानक आग भड़क उठी। सुबह के समय स्थानीय लोग जब वहां से गुज़रे, तो उन्होंने गोदाम से गहरा धुआं निकलते देखा। लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी गोदाम मालिक, कपाली निवासी मोहम्मद नेहाल को दी।
सूचना मिलते ही नेहाल और उनके परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी। इसके बाद उन्होंने तुरंत अग्निशमन विभाग को कॉल किया। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने लगभग एक घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया।
मोहम्मद नेहाल का कहना है कि आग लगने के पीछे किसी की साजिश हो सकती है, क्योंकि देर रात दो संदिग्ध युवकों को गोदाम के आसपास घूमते देखा गया था। उनका अनुमान है कि इस आगजनी में करीब 15 से 20 लाख रुपये मूल्य का कपड़ा नष्ट हो गया।
नेहाल ने बताया कि उनकी मुख्य दुकान साकची में है, जबकि माल रखने के लिए यह गोदाम गोलमुरी में लिया गया था। पहले उनका परिवार गोलमुरी में ही रहता था, लेकिन अब वे कपाली में शिफ्ट हो चुके हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद गोलमुरी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।