सिंदरी (धनबाद):
रोशनी और अच्छाई की जीत का पर्व दीपावली सोमवार को धनबाद जिले के औद्योगिक क्षेत्र सिंदरी में उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। पर्व से पहले ही लोगों ने अपने घरों और दुकानों की साफ-सफाई कर उन्हें मिट्टी के दीयों तथा रंग-बिरंगी इलेक्ट्रिक लाइटों से सजाया था। जैसे ही शाम ढली, पूरा शहर जगमग रोशनी में नहा उठा। गलियों से लेकर मकानों की छतों तक दीयों की पंक्तियाँ टिमटिमा उठीं और हर ओर दिवाली का उजाला फैल गया। रात होते-होते आतिशबाजी की गूंज से माहौल उत्सवमय बन गया। लोक मान्यता है कि यह रोशनी और ध्वनि नकारात्मक ऊर्जाओं को दूर भगाती है और अच्छाई की विजय का प्रतीक बनती है। इस अवसर पर घरों और दुकानों में लक्ष्मी-गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख, संपन्नता और शांति की कामना की गई। पूजा के बाद लोगों ने अपने परिजनों और परिचितों के साथ मिठाइयों और प्रसाद का वितरण कर पर्व की खुशियाँ साझा कीं।
काली पूजा:
कार्तिक अमावस्या, जो इस वर्ष 20 अक्टूबर को पड़ी, के अवसर पर सिंदरी में काली पूजा भी बड़े श्रद्धा भाव से आयोजित की गई। शहर के कई मंदिरों और पूजा पंडालों में मां काली की प्रतिमा स्थापित कर वैदिक मंत्रोच्चारण और धार्मिक विधियों के साथ पूजा सम्पन्न की गई। जय हिंद मोड़ काली पूजा समिति, आदर्श क्लब (एल टाइप), अमर क्लब, भारतीय संघ (रोहड़ाबांध), तालतला (जे टाइप), मार्शल क्लब (आईएम टाइप) और मनव क्लब समेत अन्य कई समितियों ने आकर्षक पंडाल सजाए थे। शुभ मुहूर्त की शुरुआत होते ही भक्तों ने ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच मां काली के जयकारे लगाए। पूरी रात देवी की आराधना, भजन-कीर्तन और दीप प्रज्ज्वलन के बीच श्रद्धालु भक्तिमय वातावरण में डूबे रहे। अगले दिन सुबह श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी महाभोग का वितरण किया गया।
मंगलवार की शाम सिंदरी के विधायक चंद्र देव महतो, धनबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी और विश्व हिंदू परिषद के सोनुगिरी ने विभिन्न पूजा स्थलों का भ्रमण किया और मां काली के दर्शन कर नगर की समृद्धि और सुख-शांति की प्रार्थना की। इस दौरान जय हिंद पूजा समिति द्वारा विधायक श्री महतो का स्वागत डॉक्टर सी.जी. साहा ने अंगवस्त्र भेंट कर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समिति के सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
