धनबाद: बीमा पेंशनर संघ हजारीबाग मंडल का 11वां वार्षिक सम्मेलन शनिवार को जोड़ाफाटक रोड स्थित आईसीए हॉल में संपन्न हुआ। सम्मेलन में सरकार की पेंशन विरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाई गई और पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग की गई।संघ के महामंत्री नरेश प्रसाद श्रीवास्तव ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिस पर चर्चा करते हुए वक्ताओं ने एलआईसी प्रबंधन से पेंशन पुनरीक्षण हर पांच साल पर करने और 2010 के बाद नियुक्त कर्मियों को पुरानी पेंशन योजना में शामिल करने की मांग की। एलआईसी वर्ग एक संघ के मनोज कुमार सिंह ने कहा कि बीमा अधिनियम 2024 के जरिए एलआईसी को कमजोर करने की साजिश हो रही है, जिसका पुरजोर विरोध किया जाएगा।
बीमा कर्मचारी संघ के महामंत्री जगदीश चंद मित्तल ने नई बहाली की आवश्यकता पर बल दिया, वहीं अध्यक्ष हेमंत मिश्रा ने कहा कि पेंशन हमारा अधिकार है और इस पर किसी भी प्रकार का आक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।सम्मेलन की अध्यक्षता सुदीप कुमार चटर्जी ने की। आगामी कार्यकाल के लिए सुदीप कुमार चटर्जी को अध्यक्ष, नरेश प्रसाद श्रीवास्तव को महामंत्री और चंद्रशेखर प्रसाद को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। सम्मेलन में हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़, धनबाद, चिरकुंडा, गिरिडीह, कतरास और सिंदरी से 120 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।