साहिबगंज में उपायुक्त ने सोलर लाइट और अत्याधुनिक अफेरेसिस मशीन का किया उद्घाटन

Share This News

साहिबगंज: उपायुक्त हेमंत सती ने आज इनडोर स्टेडियम में सौर ऊर्जा से संचालित सोलर लाइट का उद्घाटन किया। इस पहल से स्टेडियम में ऊर्जा की बचत होगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। उपायुक्त ने कहा कि नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों का उपयोग जिले को स्वच्छ और हरित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इसके साथ ही, साहिबगंज सदर अस्पताल के ब्लड बैंक में अत्याधुनिक अफेरेसिस मशीन स्थापित की गई है। यह मशीन डेंगू, मलेरिया, थैलेसीमिया, ल्यूकेमिया और अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रसित मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होगी। अफेरेसिस तकनीक से रक्त से प्लेटलेट्स, प्लाज्मा और अन्य आवश्यक रक्त अवयवों को अलग किया जा सकेगा, जिससे मरीजों को समय पर जरूरी उपचार मिल सके।

उपायुक्त ने कहा कि इस मशीन से जिले में स्वास्थ्य सुविधाएं और अधिक उन्नत होंगी और सुरक्षित रक्तदान की प्रक्रिया को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे आगामी मार्च में साहिबगंज सदर अस्पताल में आयोजित होने वाले ब्लड डोनेशन कैंप में आगे आकर स्वेच्छा से रक्तदान करें।इस अवसर पर जिला स्तरीय पदाधिकारी, चिकित्सक और गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a comment