74 वर्षीय प्रभात दास साइकिल से महाकुंभ यात्रा पर निकले, कांग्रेस विचारधारा के प्रचार का भी उठाया बीड़ा

Share This News

धनबाद: महाकुंभ में स्नान का उत्साह सिर्फ युवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि बुजुर्ग भी इस पवित्र आयोजन में भाग लेने के लिए उत्सुक हैं। पश्चिम बंगाल के पूर्व वर्द्धमान जिले के सिमलोन गांव निवासी 74 वर्षीय प्रभात दास साइकिल से प्रयागराज महाकुंभ की यात्रा पर निकले हैं।

21 फरवरी को उन्होंने अपनी यात्रा की शुरुआत की, जिसमें वे ठंड के इस मौसम में कंबल, कपड़े और खाने के लिए मुढ़ी मिक्सचर साथ लेकर चले हैं। हर दिन 60-65 किलोमीटर का सफर तय करते हुए वे धनबाद पहुंचे। प्रभात दास का कहना है कि महाकुंभ में डुबकी लगाना उनका लक्ष्य है और किसी भी परिस्थिति में वे प्रयागराज जरूर पहुंचेंगे।

गौरतलब है कि प्रभात दास राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से प्रेरित हैं और इस यात्रा के दौरान कांग्रेस पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया है। इससे पहले, उन्होंने पूर्व वर्द्धमान से नागालैंड की राजधानी कोहिमा तक साइकिल यात्रा भी की थी।उनकी यह यात्रा लगभग 1800 किलोमीटर की होगी, और वे पंजाब पहुंचकर इसे विराम देंगे। इसके साथ ही, वे किसान आंदोलन स्थलों का दौरा भी करेंगे। यात्रा के दौरान वे श्रद्धालुओं को महाकुंभ मेले में शामिल होने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

“मुझे हर हाल में प्रयागराज पहुंचकर महाकुंभ में डुबकी लगानी है। यह यात्रा मेरे लिए एक संकल्प और आध्यात्मिक आस्था का हिस्सा है।”

Leave a comment