धनबाद, 22 फरवरी 2025: जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) की न्यास परिषद की बैठक शनिवार को न्यू टाउन हॉल में आयोजित की गई, जिसमें जिले के सर्वांगीण विकास के लिए 364.77 करोड़ रुपये की 847 योजनाओं के अनुमोदन पर चर्चा हुई। उपायुक्त सुश्री माधवी मिश्रा ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल आपूर्ति और समाज कल्याण प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस वर्ष गर्मी में पेयजल संकट को दूर करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।बैठक में धनबाद सदर अस्पताल और शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) को अपग्रेड करने का निर्णय लिया गया। अस्पतालों में चिकित्सा उपकरणों की कमी को पूरा करने और एएनएम, जीएनएम तथा टेक्निशियन के रिक्त पदों को भरने की योजना बनाई गई।
बैठक में विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रीय विकास को लेकर सुझाव दिए:सांसद ढुलू महतो ने धीमी गति से चल रही जलापूर्ति योजनाओं की निगरानी और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने स्वीकृत एवं लंबित योजनाओं की पारदर्शिता पर जोर दिया।विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने जलापूर्ति और शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।विधायक राज सिन्हा ने हर पंचायत में विवाह भवन और मल्टीपरपज हॉल बनाने का प्रस्ताव दिया।विधायक अरुप चटर्जी ने मैथन और पंचेत को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया।विधायक रागिनी सिंह ने झरिया क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं में सुधार की मांग की।विधायक शत्रुघ्न महतो ने बाघमारा क्षेत्र में जलापूर्ति योजना को गति देने पर बल दिया।विधायक चंद्रदेव महतो ने सिंदरी में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की मांग की।
बैठक में पीएचईडी, झमाडा, भवन निर्माण विभाग, लघु सिंचाई, ग्रामीण कार्य विभाग समेत विभिन्न एजेंसियों की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में उप विकास आयुक्त सादात अनवर, सिटी एसपी अजीत कुमार, नगर आयुक्त रवि राज शर्मा, वन प्रमंडल पदाधिकारी विकास पालीवाल, डीआरडीए निदेशक राजीव रंजन, समेत कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद थे।


