धनबाद,: ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के आह्वान पर धनबाद रेल मंडल के लोको पायलट 15 सूत्री मांगों को लेकर डीआरएम कार्यालय के समक्ष 36 घंटे के उपवास पर बैठ गए हैं। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे मंडल सचिव पंकज कुमार ने बताया कि लोको पायलटों से 12 से 14 घंटे तक ड्यूटी करवाई जा रही है, जबकि काम के घंटे निर्धारित नहीं हैं। साथ ही असिस्टेंट लोको पायलट से जबरन हैंड ब्रेक कसवाया जा रहा है, जो रेलवे की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है।
संगठन की मांग है कि सातवें वेतनमान के तहत डीए में 50% वृद्धि होने पर टीए में 25% बढ़ोतरी की जानी थी, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया। इसके अलावा, दो दिनों की लगातार ड्यूटी के बाद फिर से तुरंत ड्यूटी लगाने का विरोध इस आंदोलन का अहम हिस्सा है।सुबह 8 बजे से शुरू हुआ यह उपवास 36 घंटे तक चलेगा। इस दौरान जिन लोको पायलटों की ड्यूटी होगी, वे भूखे पेट अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे और सरकार के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराएंगे।लोको पायलटों का यह आंदोलन रेलवे कर्मचारियों के अधिकारों और कार्यस्थल सुधार की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।