धनबाद : 26.11.26

Share This News

रेलवे संपत्ति चोरी के मामले में धनबाद रेल मंडल के आरपीएफ एवं सीआईबी बरकाकाना की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई, करीब 9 किलोग्राम कॉपर कॉन्टैक्ट वायर के साथ दो गिरफ्तार |

रेलवे संपत्ति की चोरी एवं अवैध खरीद-बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत आर.पी.एफ. पोस्ट/चोपन एवं सी.आई.बी./बरकाकाना की संयुक्त टीम को महत्वपूर्ण सफलता मिली है | दिनांक 31.10.26 को सिंगरौली एवं चुरकी के बीच किलोमीटर संख्या 184/31-33 के पास रेलवे के कर्षण विभाग (OHE) से कॉपर कॉन्टैक्ट वायर चोरी होने के मामले में बरामदगी एवं संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे | इसी क्रम में दिनांक 25.11.26 को आर.पी.एफ. अधिकारियों एवं जवानों तथा सी.आई.बी./बरकाकाना की टीम द्वारा संयुक्त रूप से छापेमारी की गई | इस दौरान सिंगरौली-चुरकी रेलखंड के मध्य ग्राम पेड़ताली के समीप जंगल से चोरी के लगभग 9 किलोग्राम कॉपर कॉन्टैक्ट वायर के साथ दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया | गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान अनिल साकेत (उम्र 24 वर्ष), पिता बृंदावन साकेत, निवासी ग्राम गड़ई सरसवाह लाल टोला, थाना विंध्यनगर, जिला सिंगरौली (मध्य प्रदेश) तथा विकास कुमार यादव (उम्र 23 वर्ष), पिता गुलाब चंद्र यादव, निवासी ग्राम पिपरहटा, थाना कौंधियारा, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है | प्रारंभिक पूछताछ के दौरान दोनों ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की | गिरफ्तार व्यक्तियों में से एक की पहचान चोरी के सामान के रिसीवर के रूप में हुई है | बरामद कॉपर कॉन्टैक्ट वायर का अनुमानित मूल्य लगभग ₹9,000/- आंका गया है | इस संबंध में आर.पी.एफ पोस्ट/चोपन कांड संख्या 16/2026, दिनांक 31.10.26, धारा 3 (RP(UP) Act) के तहत अग्रिम कानूनी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को माननीय रेल न्यायालय, जबलपुर के समक्ष प्रस्तुत करने हेतु अग्रसारित किया गया है | रेलवे सुरक्षा बल द्वारा रेलवे संपत्ति की सुरक्षा एवं चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सतत निगरानी और प्रभावी कार्रवाई की जा रही है |

Leave a comment