Breaking News

झारखंड आंदोलनकारी रंजीत रवानी एवं गोविंद रवानी को ‘दबंग हिंद’ अखबार ने किया सम्मानित

Share This News

धनबाद। झारखंड अलग राज्य के गठन के लिए लंबे संघर्ष, त्याग और अमूल्य योगदान देने वाले आंदोलनकारी रंजीत रवानी एवं गोविंद रवानी को विनोद बिहारी चौक स्थित दैनिक समाचार पत्र ‘दबंग हिंद’ के जिला कार्यालय की ओर से सम्मानित किया गया। अखबार के जिला प्रभारी राजेंद्र वर्मा ने दोनों आंदोलनकारियों को बुके एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया तथा उनके संघर्ष और योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर जिला प्रभारी राजेंद्र वर्मा ने कहा कि झारखंड अलग राज्य का गठन आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। रंजीत रवानी एवं गोविंद रवानी जैसे आंदोलनकारियों का सम्मान करना झारखंड के गौरवशाली इतिहास और संघर्ष की विरासत का सम्मान है।
मानव अधिकार फोरम के प्रदेश अध्यक्ष सुदीस्ट कुमार ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों ने अपने अधिकारों और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए संघर्ष किया। उनके योगदान को हमेशा याद रखना और उन्हें उचित सम्मान देना समाज की जिम्मेदारी है।
चंद्रवंशी समाज के जिलाध्यक्ष विनोद रवानी ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों का त्याग और संघर्ष नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके योगदान को इतिहास में उचित स्थान मिलना चाहिए।
समाज के पूर्व जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार रंजन ने कहा कि अलग राज्य का सपना आंदोलनकारियों के संघर्ष से साकार हुआ। उनके सम्मान और अधिकारों के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
नगर महामंत्री अशोक कुमार ने कहा कि आंदोलनकारियों का सम्मान करना झारखंड की अस्मिता और गौरवशाली इतिहास को सम्मान देना है।
समाजसेवी सह वरिष्ठ पत्रकार हरेराम पंडित ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों का योगदान अविस्मरणीय है। राज्य के विकास में उनके सपनों और विचारों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
आंदोलनकारी गोविंद रवानी ने सम्मान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड अलग राज्य का आंदोलन किसी एक व्यक्ति का संघर्ष नहीं था, बल्कि यह जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा झारखंडवासियों के अधिकार और सम्मान की लड़ाई थी। इस आंदोलन में अनेक लोगों ने अपना जीवन समर्पित किया।
वहीं, आंदोलनकारी रंजीत रवानी ने कहा कि अलग राज्य का सपना अनेक आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान से पूरा हुआ है। आज जरूरत है कि झारखंड के मूल निवासियों के अधिकारों की रक्षा हो और आंदोलनकारियों को उनका उचित सम्मान मिले।
कार्यक्रम में समाज के प्रदेश संगठन सचिव शक्ति रवानी, चमारी राम, मीडिया प्रभारी सुनील रवानी, मनोज रवानी, शिव शंकर,रावनी,पवन कुमार,सौरव वर्मा,सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a comment