राज्य परियोजना निदेशक से प्राप्त निदेशानुसार, उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री अभिषेक झा के कुशल नेतृत्व में झारखण्ड राज्य स्थापना दिवस के गौरवशाली अवसर पर आज दिनांक 17 नवम्बर, 2026 को धनबाद जिले के सभी विद्यालयों में प्रातः 09:00 बजे से 09:30 बजे तक प्रातःकालीन विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया।
15 नवम्बर, 2000 को बिहार से अलग होकर अस्तित्व में आए झारखण्ड राज्य ने अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूरे कर लिए हैं। अपनी समृद्ध संस्कृति, प्राकृतिक सौन्दर्य, हरे-भरे जंगलों, खनिज सम्पदा और जीवन्त आदिवासी विरासत के लिए प्रसिद्ध झारखण्ड की 26 वर्षों की विकास यात्रा और उपलब्धियों से नई पीढ़ी को जोड़ने के उद्देश्य से यह विशेष कार्यक्रम शुरू किया गया है।
इतिहास एवं संस्कृति से परिचय: सभा के दौरान विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों द्वारा छात्र-छात्राओं को झारखण्ड राज्य की स्थापना, इसके गौरवशाली इतिहास, समृद्ध विरासत एवं संस्कृति तथा राज्य के महापुरुषों व आन्दोलनकारियों के योगदान से विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया।
विकास की शपथ: इस अवसर पर सभी छात्र-छात्राओं को झारखण्ड राज्य के समावेशी एवं सतत् विकास में अपना सक्रिय योगदान देने हेतु शपथ भी दिलाई गई।
उल्लेखनीय है कि राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में यह विशेष प्रातःकालीन प्रार्थना सभा 17 नवम्बर से 20 नवम्बर, 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 09:00 से 09:30 बजे तक जिले के सभी विद्यालयों में आयोजित की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में राज्य के प्रति गौरव की भावना जागृत करना और उन्हें राज्य की चुनौतियों व भविष्य की संभावनाओं के प्रति संवेदनशील बनाना है।