एग्यारकुंड, निरसा (16 फरवरी): निरसा विधानसभा क्षेत्र के एग्यारकुंड दक्षिण पंचायत के कचहरी भवन में रविवार शाम प्रेमी युगल के मिलने की सूचना पर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और आक्रोश व्यक्त करने लगे।
सूचना पर गलफरबाड़ी पुलिस, एग्यारकुंड दक्षिण पंचायत के मुखिया अजय पासवान और एग्यारकुंड उत्तर पंचायत की मुखिया काकुली मुखर्जी मौके पर पहुंचे। अंचल अमीन की गैरमौजूदगी के कारण पुलिस को लगभग एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा।कचहरी भवन का ताला खुलते ही ग्रामीणों का गुस्सा और भड़क उठा, और पुलिस को भारी विरोध झेलना पड़ा। इसी बीच प्रेमी युगल को पुलिस ने सुरक्षित जीप में बैठाकर ओपी ले जाने की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर ही हमला बोल दिया।
पुलिस प्रभारी के साथ कहासुनी हुई और कुछ ग्रामीणों ने पुलिस जीप पर पथराव भी किया।अंचल अमीन कमलेश राणा ने बताया कि आरोपित युवक उनका भागना (सहयोगी) है, जिसे उन्होंने अपने कार्यों में मदद के लिए रखा था। लेकिन उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि उनकी गैरमौजूदगी में वह इस तरह की हरकत कर रहा था।घटना पर मुखिया अजय पासवान ने इसे शर्मनाक बताया और कहा कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि कुछ दिन पहले ही कचहरी भवन में कर्मचारी नियुक्त करने के लिए अंचलाधिकारी और उपायुक्त को आवेदन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। अगर कचहरी भवन में कर्मचारी मौजूद होते, तो शायद यह घटना टल सकती थी।इस घटना ने स्थानीय प्रशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि कचहरी भवन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

