धनबाद, 16 फरवरी: धनबाद प्रेस क्लब द्वारा आयोजित मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट 2025 का शानदार आगाज हुआ। पहले दिन दो मुकाबले खेले गए, जिसमें डीपीसी ब्लू और डीथ्री की टीमों ने जीत दर्ज की।
तकनीकी कारणों से डीपीसी ब्लैक और डीपीसी ब्लू के बीच 10 ओवर का मैच खेला गया। डीपीसी ब्लैक ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 80 रन बनाए। जवाब में डीपीसी ब्लू ने महज छह ओवर में 81 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।
दूसरे मैच में डीथ्री की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 207 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। जवाब में 99 ग्रुप की टीम आठ विकेट गंवाकर 183 रन ही बना सकी और डीथ्री ने यह मुकाबला 24 रनों से जीत लिया।शानदार प्रदर्शन के लिए डीथ्री के विक्रम सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
टूर्नामेंट का उद्घाटन धनबाद जिला परिषद की चेयरमैन शारदा सिंह और धनबाद रेल मंडल के वरीय कार्मिक अधिकारी अजीत कुमार ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल भावना को बढ़ावा देने की बात कही। अजीत कुमार ने खुद भी अपने खेल का प्रदर्शन किया।
इस मौके पर धनबाद प्रेस क्लब के अध्यक्ष संजीव झा, डीथ्री के शांतनु, 99 ग्रुप के श्याम पांडेय समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। चेयरमैन शारदा सिंह ने प्रेस क्लब को इस आयोजन के लिए बधाई दी और कहा कि पत्रकारों को खेल के लिए समय निकालते देखना बेहद खुशी की बात है।मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के आगामी मैचों को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है।




