धनबाद: जिला फुटबॉल लीग के तहत बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित अभिजीत गांगुली जूनियर फुटबॉल लीग के मुकाबले में बिरसा मुंडा क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एफसीसी भितया को 6-0 से करारी शिकस्त दी। मुकाबले में बिरसा मुंडा क्लब के खिलाड़ियों ने शुरू से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और एकतरफा जीत दर्ज की।
टीम की जीत के हीरो सोहेल अंसारी रहे, जिन्होंने शानदार खेल दिखाते हुए तीन गोल दागकर हैट्रिक बनाई। वहीं, विकास मुर्मू, भुनेश्वर मुर्मू और रॉकी मुर्मू ने एक-एक गोल कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।
मैच में निर्णायक की भूमिका जसविंदर सिंह, पूजा कुमारी, जेवियर टुडू, धणपति पांडे और दिलीप महतो ने निभाई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, एसडीएम लोकेश बारंगे, डीडीसी सन्नी राज और जिला खेल पदाधिकारी उमेश लोहरा उपस्थित रहे। जिला फुटबॉल संघ के महासचिव मृदुल बोस, कोषाध्यक्ष मो. सलाउद्दीन, संयुक्त सचिव उदय मिश्रा और संतोष रजक ने अतिथियों को अंगवस्त्र एवं पौधा भेंटकर स्वागत किया।
इसके बाद मुख्य अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने जिले में फुटबॉल सहित अन्य खेलों के विकास को प्रोत्साहित करने तथा खिलाड़ियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए निरंतर मेहनत और अनुशासन बनाए रखने की प्रेरणा दी।
मौके पर जिला संयोजक रिंकू गुप्ता, रवि लाल हेंब्रम, सुजपा ठाकुर सहित जिला फुटबॉल संघ के अन्य सदस्य एवं खेलप्रेमी उपस्थित थे।