उपायुक्त व वरीय पुलिस अधीक्षक ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
धनबाद जिले में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने, अपराध नियंत्रण तथा आम नागरिकों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से धनबाद पुलिस के बेड़े में 45 नई पेट्रोलिंग बाइक शामिल की गई हैं।
मंगलवार को पुलिस केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार ने हरी झंडी दिखाकर इन बाइकों को रवाना किया। नई बाइकों के शामिल होने से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की गश्त व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ आपात स्थिति में घटनास्थल तक शीघ्र पहुंचने में मदद मिलेगी।
नई पेट्रोलिंग बाइकों का आवंटन पुलिस की आवश्यकताओं और विभिन्न इकाइयों की कार्यप्रणाली को ध्यान में रखकर किया गया है। इनमें से 18 बाइक सिटी हॉक्स टीम को, 4 बाइक ट्रैफिक थाना को तथा शेष 23 बाइक जिले के अन्य थानों को आवंटित की गई हैं।
सिटी हॉक्स टीम की सक्रियता बढ़ने से शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त को गति मिलेगी। वहीं ट्रैफिक थाना को मिली बाइक से यातायात व्यवस्था की निगरानी, जाम की स्थिति में त्वरित कार्रवाई और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई में सहूलियत होगी।
अन्य थानों को मिली पेट्रोलिंग बाइक से थाना क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच और गतिशीलता बढ़ेगी। किसी घटना, विवाद, आपात सूचना या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर पुलिसकर्मी कम समय में मौके पर पहुंच सकेंगे। इससे नियमित गश्त को प्रभावी बनाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने में मदद मिलेगी।
तीन चरणों में पहले मिली थीं 147 बाइक
धनबाद पुलिस को इससे पूर्व भी तीन चरणों में कुल 147 नई पेट्रोलिंग बाइक आवंटित की जा चुकी हैं। मंगलवार को 45 नई बाइक मिलने के बाद वर्ष 2025-26 के दौरान जिले में अब तक कुल 192 नई पेट्रोलिंग बाइक आवंटित की जा चुकी हैं।
लगातार बढ़ रहे पुलिस वाहनों के बेड़े से जिले में गश्त व्यवस्था को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। इसका उद्देश्य पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ाने के साथ अपराध की रोकथाम और विधि-व्यवस्था बनाए रखने की व्यवस्था को और मजबूत करना है।
कार्यक्रम के दौरान सिटी एसपी श्री ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी श्री एस. मोहम्मद याकूब, डीएसपी विधि व्यवस्था श्री प्रकाश सोय, डीएसपी सीसीआर श्री प्रदीप कुमार साव, डीएसपी ट्रैफिक श्री रोहित साव समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।