स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज दिनांक 12 अक्टूबर, 2026 को मुख्यालय, हाजीपुर में यांत्रिक विभाग (पर्यावरण एवं गृह व्यवस्था विभाग), पूर्व मध्य रेल, हाजीपुर के द्वारा नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सोनपुर मंडल की स्काउट्स टीम ने “स्वच्छता किसकी जिम्मेदारी” विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। इस नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति के समय महाप्रबंधक, श्री डिम्पी गर्ग, अपर महाप्रबंधक, श्री अमरेंद्र कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर, श्री अतुल प्रियदर्शी सहित प्रमुख विभागाध्यक्ष एवं अन्य अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित थे तथा उत्सुकता के साथ नुक्कड़ नाटक को देखा तथा प्रस्तुति की सराहना की। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक एवं रेलकर्मी का सामूहिक दायित्व है।
महाप्रबंधक श्री डिम्पी गर्ग ने टीम को इस नुक्कड़ नाटक का एक संक्षिप्त वीडियो तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि इसे पूर्व मध्य रेल के स्टेशनों पर प्रदर्शित कर यात्रियों एवं आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा सके। उन्होंने टीम को पूर्व मध्य रेल के स्टेशनों पर भी इस नुक्कड़ नाटक का मंचन करने के लिए प्रेरित किया।
इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता के संदेश को व्यापक स्तर पर प्रसारित करना तथा रेलकर्मियों एवं यात्रियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और सहभागिता को बढ़ावा देना है।
कुसुम न्यूज़ से कुमार की रिपोर्ट