धनबाद: 20.09.26
आज दिनांक 20.09.26 को ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के चौथे दिन आज धनबाद मंडल के विभिन्न छोटे-बड़े स्टेशनों पर व्यापक एवं गहन स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य रेलवे परिसरों को स्वच्छ एवं बेहतर बनाए रखने के साथ-साथ यात्रियों एवं आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है। अभियान के तहत धनबाद मंडल के प्रमुख स्टेशनों धनबाद जंक्शन, गोमो, कोडरमा, पारसनाथ, डालटनगंज एवं सिंगरौली सहित विभिन्न स्टेशनों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान स्टेशन के प्लेटफॉर्म, ट्रैक, प्रतीक्षालय, फुट ओवर ब्रिज, सर्कुलेटिंग एरिया सहित अन्य प्रमुख स्थानों की गहन सफाई की गई। सफाई कार्य में आधुनिक मशीनों एवं वैक्यूम क्लीनर का उपयोग कर रेलवे परिसरों की बेहतर एवं प्रभावी ढंग से सफाई सुनिश्चित की गई। अभियान के दौरान रेलवे कर्मचारियों एवं स्वच्छता कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए स्वच्छ एवं सुंदर रेलवे परिसर के निर्माण का संदेश दिया। स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने एवं यात्रियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रमुख स्टेशनों पर ‘स्वच्छता सेल्फी बूथ’ भी स्थापित किए गए। यात्रियों, विशेषकर बच्चों एवं युवाओं ने इन सेल्फी बूथों पर उत्साहपूर्वक भागीदारी की और ‘मैं स्वच्छ भारत का भागीदार हूँ’ जैसे संदेशों के साथ सेल्फी लेकर स्वच्छता का संदेश दिया। धनबाद मंडल द्वारा ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के माध्यम से स्वच्छ रेलवे परिसर, जागरूक यात्री और सक्रिय जनभागीदारी के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।