उपायुक्त ने सुनीं आमजनों की समस्याएं

Share This News

मंगलवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने जनता दरबार का आयोजन कर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आमजनों की समस्या सुनीं। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में जालसाजी एवं धोखाधड़ी कर फर्जी कागजात के आधार पर जमीन की रजिस्ट्री करा लेने, प्रधानमंत्री आवास योजना, दाखिल-खारिज, मकान आवंटन, फ्लैट दिलाने के नाम पर पैसों की ठगी करने, जमीन विवाद, जन्म प्रमाण पत्र, पेंशन, सीएनटी जमीन पर जबरन जेसीबी चलाकर कब्जा करने, निरसा हटिया मोड़ एवं सिनेमा हॉल मोड़ पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती करने तथा विशेष चिकित्सीय सहायता समेत कई मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।

भूमि से जुड़े मामलों में उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को अभिलेखों एवं दस्तावेजों की जांच करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना, पेंशन, जन्म प्रमाण पत्र, वेतन एवं चिकित्सीय सहायता से संबंधित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया।

जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए उनके त्वरित निष्पादन एवं की गई कार्रवाई से अवगत कराने का निर्देश दिया।

Leave a comment