पुरानी पेंशन बहाली के योद्धा सुदिव्य सोनू को कर्मचारियों ने दी श्रद्धांजलि

Share This News

झारखंड सरकार के दिवंगत मंत्री एवं गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू को धनबाद में कर्मचारियों ने श्रद्धांजलि दी। झारखंड ऑफिसर्स, टीचर्स एंड एम्पलॉइज फेडरेशन की प्रांतीय कमिटी के आह्वान पर रणधीर वर्मा चौक पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारी और फेडरेशन के पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके योगदान को याद किया।

रणधीर वर्मा चौक पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में कर्मचारियों ने दिवंगत मंत्री एवं गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सभा को संबोधित करते हुए फेडरेशन के राज्य महासचिव उज्ज्वल तिवारी ने कहा कि झारखंड में पुरानी पेंशन योजना की बहाली के आंदोलन में सुदिव्य कुमार सोनू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वक्ताओं ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू कर्मचारियों और सरकार के बीच एक सेतु की तरह काम करते थे। कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों को उन्होंने लगातार सरकार और विधानसभा में उठाया। खासकर पुरानी पेंशन योजना को लागू कराने की दिशा में उनके राजनीतिक समर्थन और प्रयासों को कर्मचारी हमेशा याद रखेंगे।

वहीं, फेडरेशन के जिलाध्यक्ष जय होरो और उप महासचिव ब्रजेश भट्ट ने भी सुदिव्य कुमार सोनू के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हित में उनके प्रयास और पुरानी पेंशन बहाली के लिए उनका समर्थन हमेशा याद रखा जाएगा।

इस दौरान वक्ताओं ने एक मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से उनके पद पर जो रिक्तता पैदा हुई है, उस पद पर उनके ही परिवार से किसी सदस्य को जिम्मेदारी दी जानी चाहिए। वक्ताओं का कहना था कि इससे सुदिव्य कुमार सोनू के अधूरे सपनों और शुरू किए गए कार्यों को सही दिशा और गति मिल सकेगी।कर्मचारियों ने याद किया सुदिव्य सोनू का योगदान……………

परिवार से ही किसी को पद देने की उठी मांग………………

Leave a comment