कृष्ण मिलन समारोह में बाल स्वरूप में सजे बच्चों ने मोहा दिल, पुरस्कार पाकर खिले चेहरे
धनबाद: जन्माष्टमी की भक्ति और उल्लास के बीच शुक्रवार को जेसी मलिक रोड स्थित एक भवन में श्रीकृष्ण मिलन समारोह का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। समारोह में करीब पांच वर्ष की उम्र के नन्हे बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप में सजकर अपनी मासूमियत और मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया। बच्चों के लिए समारोह में प्रवेश निःशुल्क रखा गया था।
रंग-बिरंगे आकर्षक परिधानों में सजे नन्हे कान्हाओं ने अपनी मोहक अदाओं से पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। बच्चों की मासूम मुस्कान, मनमोहक वेशभूषा और उत्साह देखते ही बन रहा था। उनकी प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
समारोह के दौरान विभिन्न प्रस्तुतियों में शामिल बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। अभिभावकों ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों को धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने का अच्छा माध्यम हैं।
समारोह के मुख्य आयोजक धीरेंद्र ब्रह्मचारी, मुकेश एवं पांडे रहे। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनमें संस्कार, आत्मविश्वास और अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति लगाव बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से संतोष सिंह, दिवाकर श्रीवास्तव, नरेंद्र त्रिवेदी, अंशु कुमारी, अभिषेक सिंह, आशीष गुप्ता, योगेंद्र त्रिवेदी, शिवम पांडे, बिंदु बाला पांडे, राजेंद्र त्रिवेदी एवं जितेंद्र मालाकार उपस्थित थे।