राधा-कृष्ण की झांकियों से सजा परिसर, भजनों पर थिरके नन्हे कदम; मटकी फोड़ प्रतियोगिता बनी आकर्षण का केंद्र

Share This News

धनबाद: जगजीवन नगर स्थित नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित विशेष दिव्यांग विद्यालय पहला कदम शुक्रवार को कान्हा की भक्ति और जन्माष्टमी के उल्लास में सराबोर रहा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान विशेष बच्चों ने राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियों, भक्ति गीतों पर नृत्य और रंगारंग प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि उपस्थित लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। बच्चों के आत्मविश्वास और उत्साह ने समारोह को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ऑर्थो विशेषज्ञ डॉ. एस.के. गुप्ता उपस्थित रहे। स्कूल की सचिव अनीता अग्रवाल, सुपरवाइजर कौशल अग्रवाल के अलावा शिक्षक-शिक्षिकाएं, बच्चे और अन्य उपस्थितजनों ने उत्साहपूर्वक जन्माष्टमी समारोह में भाग लिया।
समारोह के दौरान बच्चों ने राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं। कृष्ण भजनों पर दिव्यांग बच्चों की मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने सभी का दिल जीत लिया। इसके साथ ही रंगारंग ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने राधा-कृष्ण का रूप धारण कर अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
मटकी फोड़ में दिखा बच्चों का उत्साह
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मटकी फोड़ प्रतियोगिता रही। बच्चों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। उनकी खुशी और उमंग ने पूरे विद्यालय परिसर को उत्सव के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम के दौरान चारों ओर कृष्ण भक्ति, संगीत और उल्लास का माहौल बना रहा।
स्कूल की सचिव अनीता अग्रवाल ने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन विशेष बच्चों के आत्मविश्वास को मजबूत करने और उनकी छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्य अतिथि डॉ. एस.के. गुप्ता ने बच्चों की प्रतिभा और उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि दिव्यांग बच्चे विशेष प्रतिभाओं के धनी होते हैं। उन्हें उचित अवसर, प्रोत्साहन और सही दिशा मिले तो वे समाज में अपनी अलग पहचान स्थापित कर सकते हैं।
समारोह के अंत में केक काटा गया तथा बच्चों और उपस्थित अतिथियों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इसी के साथ हर्षोल्लासपूर्ण जन्माष्टमी महोत्सव का समापन हुआ।

Leave a comment