राज्य प्रायोजित पेंशन का अगस्त 2026 तक भुगतान पूर्ण
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन की अध्यक्षता में उपायुक्त के आवासीय कार्यालय में सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा संचालित विभिन्न पेंशन एवं आर्थिक सहायता योजनाओं की समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन, मुख्यमंत्री आदिम जनजाति पेंशन, मुख्यमंत्री राज्य निराश्रित महिला सम्मान पेंशन, एचआइवी/एड्स पीड़ित सहायता पेंशन तथा स्वामी विवेकानन्द निःशक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना के लाभुकों को अगस्त 2026 तक का भुगतान पूर्ण कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि झारखण्ड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के कुल 3,71,482 लाभुकों को जुलाई 2026 तक का भुगतान सफलतापूर्वक किया जा चुका है। जबकि केन्द्र प्रायोजित इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन (46,829 लाभुक) एवं विधवा पेंशन (17,046 लाभुक) का भुगतान मार्च 2026 तक तथा दिव्यांग पेंशन (2,605 लाभुक) का दिसंबर 2025 तक किया गया था।
उन्होंने बताया कि केन्द्र प्रायोजित योजनाओं का भुगतान अब एस.एन.ए. स्पर्श के माध्यम से किया जाना है। वर्तमान में विभाग द्वारा एन.एस.ए.पी. पोर्टल पर अपग्रेडेशन कार्य प्रगति पर है, जो एक सप्ताह के भीतर पूर्ण हो जाएगा। पोर्टल कार्य पूरा होते ही जिला स्तर से जनवरी 2026 से अब तक के सभी लंबित बकाये पेंशन का भुगतान सीधे लाभुकों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से शीघ्र कर दिया जाएगा।
बैठक में सामाजिक सुरक्षा पदाधिकारी श्री दिलीप कुमार महतो, सहायक प्रशासी पदाधिकारी श्री राजकुमार सिंह, सहायक सुश्री प्रियंका बाला, सामाजिक सुरक्षा कोषांग के अन्य अधिकारी मौजूद थे।