धनबाद /जमशेदपुर: ऑल इंडिया महिला फुटबॉल एसोसिएशन का वार्षिक अधिवेशन सोमवार को जमशेदपुर में संपन्न हुआ। इसमें देश के विभिन्न राज्यों से संघ से जुड़े पदाधिकारी शामिल हुए। अधिवेशन के दौरान महासंघ का पुनर्गठन किया गया।पुनर्गठित राष्ट्रीय कार्यकारिणी में राजगंज स्थित बड्स गार्डेन स्कूल के प्राचार्य प्रमोद कुमार एवं भाजपा नेता नीलकंठ रवानी को राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया। वहीं गुंजन कुमारी सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष, मो. कासिम अंसारी को कार्यकारी अध्यक्ष तथा छत्तीसगढ़ के मो. शेख जावेद को सर्वसम्मति से महासचिव चुना गया। इसके अलावा पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, असम सहित विभिन्न राज्यों से पदाधिकारियों का चयन किया गया।राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य बनाए जाने पर प्रमोद कुमार ने कहा कि उन्हें मिली जिम्मेदारी का वे पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने बताया कि जल्द ही झारखंड के धनबाद जिले के विभिन्न स्टेडियमों में राष्ट्रीय महिला फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित कराने की पहल की जाएगी, जिसमें देश के दर्जनों राज्यों की महिला फुटबॉल टीमें हिस्सा लेंगी।अधिवेशन के दौरान शुभंकर राय एवं आशीष अग्रवाल सहित अन्य लोग मौजूद थे।