निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज ने शनिवार को स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), जल जीवन मिशन एवं ओडीएफ प्लस से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इसमें पीएचईडी के अभियंता, जिला एवं प्रखंड समन्वयक तथा पीएमयू टीम उपस्थित रहे।
बैठक में ओडीएफ प्लस मॉडल गांवों के विकास, शौचालयों के रेट्रोफिटिंग, एफएचटीसी समन्वय, दीवार लेखन, जन-जागरूकता गतिविधियों तथा प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष बल दिया गया।
उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि प्रत्येक प्रखंड में चयनित मॉडल गांवों में निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्यों को गति प्रदान करें तथा दैनिक प्रगति प्रतिवेदन पीएमयू के माध्यम से उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि कार्यों की रैंकिंग तैयार कर नियमित समीक्षा की जाएगी, ताकि बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रखंडों को प्रोत्साहित किया जा सके।
बैठक में उप विकास आयुक्त ने शौचालय निर्माण एवं रेट्रोफिटिंग से संबंधित लाभुकों की सूची का सत्यापन कर भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाने तथा ट्रेजरी स्तर पर लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। वहीं ओडीएफ प्लस मॉडल गांवों के प्रथम एवं द्वितीय सत्यापन की निर्धारित समयसीमा का अनुपालन करने पर भी जोर दिया।
उप विकास आयुक्त ने स्वच्छ भारत मिशन एवं जल जीवन मिशन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिया।
बैठक में योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, लंबित कार्यों, भुगतान तथा पंचायतवार स्थिति की समीक्षा की गई। 5 सितंबर तक लगभग 85% लक्ष्य प्राप्त करने, लंबित कार्यों एवं बिलों के त्वरित निष्पादन तथा प्रतिदिन प्रगति की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ में मॉडल पंचायत, मॉडल ग्राम के कार्यों में तेजी लाने, पंचायत स्तर पर बीडीओ, मुखिया, प्रमुख एवं जिला परिषद सदस्यों के साथ समन्वय कर नियमित फील्ड विजिट करने तथा कार्यों की गुणवत्ता का सत्यापन करने पर विशेष जोर दिया।
जबकि जल जीवन मिशन के अंतर्गत पाइपलाइन एवं सिविल वर्क, मशीनरी की उपलब्धता तथा लंबित भुगतान की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही, योजनाओं में डुप्लीकेशन रोकने, लंबित योजनाओं का शीघ्र निष्पादन एवं पूर्ण योजनाओं का समय पर हैंडओवर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।