उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन, धनबाद के सौजन्य से राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत सदर अस्पताल में बच्चों के स्वास्थ्य की जांच एवं उपचार के लिए विशेष स्वास्थ्य अभियान जारी है। इस क्रम में शनिवार को आयोजित विशेष उपचार शिविर में विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा कुल 103 बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया।
शिविर में 64 बच्चों में श्रवण संबंधी समस्या की जांच की गई। वहीं 28 बच्चों को हियरिंग एड (श्रवण यंत्र) के लिए सलाह दी गई। इसके अलावा 5 बच्चों में ओटाइटिस मीडिया (कान के परदे के पीछे मध्य कान में होने वाला सूजन या संक्रमण), 2 बच्चों में छींक संबंधी समस्या, 28 बच्चों में न्यूरोलॉजिकल समस्या, 2 बच्चों की पीडियाट्रिक्स तथा 2 बच्चों की जनरल सर्जरी से संबंधित मामलों की जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।
विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा बच्चों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान कर आवश्यक उपचार, आगे की जांच एवं उचित चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया।
उपायुक्त ने कहा कि शिविर का उद्देश्य बच्चों में जन्मजात एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान कर उनका समुचित उपचार सुनिश्चित करना है। इसके माध्यम से बच्चों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराते हुए उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं समुचित विकास की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।