मुनाफे के लालच में सिम और बैंक खाता न दें, ग्रामीणों को जागरूक कर रही धनबाद पुलिस
प्रचार वाहनों से लेकर सिनेमाघरों तक गुंज रहा साइबर सुरक्षा का संदेश, SSP महोदय ने दिए व्यापक जागरूकता के निर्देश
धनबाद :वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देशानुसार साइबर अपराध की रोकथाम एवं आम लोगों को साइबर ठगी से बचाने के उद्देश्य से जिले में संचालित साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान को और तेज कर दिया गया है। मंगलवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित निजी विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अन्य लोगों को साइबर अपराध के प्रति सतर्क किया गया।
एसएसपी प्रभात कुमार ने जिले के सभी थाना प्रभारियों एवं ओपी प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्र में स्थित स्कूलों एवं कॉलेजों में प्रतिदिन साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया है। कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी, केवाईसी अपडेट, फर्जी कॉल एवं सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है।
इसके अलावा शांति समिति, जन सहयोग समिति, चैम्बर ऑफ कॉमर्स सहित विभिन्न सामाजिक एवं व्यावसायिक संगठनों के साथ नियमित बैठक कर साइबर सुरक्षा से संबंधित जागरूकता संदेश आम लोगों तक पहुंचाने का निर्देश भी दिया गया है।
एसएसपी प्रभात कुमार ने सभी डीएसपी एवं एसडीपीओ को ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया है। विशेष रूप से ग्रामीणों को किसी भी व्यक्ति के बहकावे या मुनाफे के लालच में अपना निजी सिम कार्ड, बैंक खाता, एटीएम या बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी अन्य व्यक्ति को उपलब्ध नहीं कराने की सलाह दी जा रही है। पुलिस द्वारा ऐसे मामलों में होने वाले कानूनी एवं आर्थिक नुकसान की जानकारी भी ग्रामीणों को दी जा रही है।
साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान को व्यापक स्तर पर पहुंचाने के लिए जिले में दो प्रचार वाहनों के माध्यम से विभिन्न इलाकों में वीडियो संदेशों के जरिए साइबर अपराध के खतरों और उससे बचाव के उपायों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। वहीं आईनॉक्स मल्टीप्लेक्स सहित जिले के अन्य सिनेमाघरों के बड़े पर्दों पर भी साइबर सुरक्षा से संबंधित जागरूकता संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं।
एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि धनबाद पुलिस का उद्देश्य साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाकर लोगों को सतर्क एवं सुरक्षित बनाना है ताकि साइबर ठगी की घटनाओं पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाया जा सके।