बीबीएमकेयू में कुलपति ने फहराया तिरंगा, देशभक्ति के रंग में रंगा विश्वविद्यालय परिसर

Share This News

धनबाद: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. रामकुमार सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी।
ध्वजारोहण से पूर्व कुलपति डॉ. रामकुमार सिंह ने अपनी धर्मपत्नी एवं विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों के साथ विश्वविद्यालय परिसर स्थित विनोद बिहारी महतो की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने एनसीसी कैडेट्स का निरीक्षण किया।
ध्वजारोहण के बाद कला एवं संस्कृति विभाग की विभागाध्यक्ष ताप्ती चक्रवर्ती के नेतृत्व में विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों, प्रोफेसरों, शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। समारोह में कला एवं संस्कृति विभाग के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत संगीत एवं नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। एनएसएस कैडेट्स ने भी देशभक्ति की भावना से जुड़ी झांकी प्रस्तुत कर समारोह को आकर्षक बनाया।
इस अवसर पर कुलपति डॉ. रामकुमार सिंह ने विश्वविद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि युवा देश के भविष्य हैं और उन्हें राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के माध्यम से समाज एवं देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान सेवानिवृत्ति के बाद भी विश्वविद्यालय के प्रति सक्रिय रूप से निशुल्क सेवा प्रदान करने के लिए डॉ. के. बंदोपाध्याय एवं डॉ. एस. के. सिन्हा को सम्मानित किया गया। वहीं, डॉक्यूमेंट्री फिल्म निर्माण में तृतीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले मास कम्युनिकेशन विभाग के विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. मुकुंद रविदास ने किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान एवं राष्ट्रीय गीत के साथ हुआ।

Leave a comment