धनबाद: अपर्णा पब्लिक स्कूल के प्रांगण में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि श्री के.के.एस. सिन्हा द्वारा ध्वजारोहण एवं श्री के.के. सिंह द्वारा विद्यालय ध्वज फहराने के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ तिरंगे को सलामी दी गई।
इस अवसर पर बाल रूप में पंडित जवाहरलाल नेहरू, प्राचार्य डॉ. अनुपम नायक, रेनू कौशल, मोहिनी सिन्हा, करुणेश कौशल, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान बाल रूप पंडित जवाहरलाल नेहरू ने वर्ष 1947 के प्रथम स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिए गए भाषण की प्रस्तुति देकर सभी को भाव-विभोर कर दिया।
छात्र-छात्राओं ने ‘अनेकता में एकता’ विषय पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। देशभक्ति गीतों के साथ खुदीराम बोस पर आधारित भावुक नाटक, नृत्य, शरीर सौष्ठव, भाषण तथा ‘पिता की छांव’ विषयक रोचक नाटक का मंचन किया गया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि श्री के.के.एस. सिन्हा ने अपने संबोधन में बच्चों को ‘युवा शक्ति—विकसित भारत 2047’ के संकल्प से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने नई पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण में आगे बढ़ने तथा देशभक्त एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
अंत में विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनुपम नायक ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। इसके साथ ही स्वतंत्रता दिवस समारोह का समापन हुआ।