धनबाद : प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण , धनबाद निकेश कुमार सिन्हा के निर्देश पर नशे के खिलाफ जिले में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अवर न्यायाधीश सह सचिव डालसा मयंक तुषार टोपनो ने बताया कि शुक्रवार को धनबाद रेलवे स्टेशन पर डालसा की टीम एवं रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन के संयुक्त प्रयास से नशे का सेवन कर रहे एक बच्चे को रेस्क्यू किया गया।
रेस्क्यू किए गए बच्चे को तत्काल सदर अस्पताल ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया गया। इसके बाद बच्चे की सुरक्षा, देखरेख एवं पुनर्वास को ध्यान में रखते हुए उसे बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत कर सुपुर्द किया गया। सीडब्ल्यूसी के निर्देश पर बच्चे को बेहतर देखभाल एवं संरक्षण के लिए सहयोग विलेज, बोकारो में आवासित कराया गया।