उपायुक्त के निर्देश पर जिले के 257 विद्यालयों में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ वृक्षारोपण अभियान
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन के निर्देशानुसार आज जिले के विभिन्न प्राथमिक, मध्य एवं उच्च विद्यालयों सहित कुल 257 विद्यालयों में वृहद स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
इस अभियान को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रतिनियुक्त जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने अपने-अपने आवंटित विद्यालयों में उपस्थित रहकर अपनी देख-रेख में पौधारोपण कार्य संपन्न कराया। इस दौरान फलदार और छायादार पौधे लगाए गए तथा विद्यार्थियों व शिक्षकों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।
पौधारोपण के साथ-साथ प्रतिनियुक्त अधिकारियों द्वारा आगामी स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) की तैयारियों का जायजा भी लिया गया। अधिकारियों ने विद्यालयों के परिसर एवं कक्षाओं की संपूर्ण साफ-सफाई का निरीक्षण किया।
इसके अलावा, प्रभारी प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों द्वारा ‘नो कॉस्ट – लो कॉस्ट’ (No Cost – Low Cost) पहल के तहत शिक्षण सामग्री व विद्यालय विकास के लिए किए जा रहे नवोन्मेषी प्रयासों का सूक्ष्म अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य और स्वच्छ वातावरण में आयोजित किया जा सके।
उपायुक्त श्री आदित्य रंजन ने कार्यक्रम की सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालयों में लगाए गए पौधों की देख-रेख की जिम्मेवारी भी तय की गई है, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश बच्चों के व्यवहार में शामिल हो सके।
कुसुम न्यूज़ से कुमार की रिपोर्ट
