धनबाद। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम यानी RBSK के तहत जिला प्रशासन, धनबाद की ओर से बच्चों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। 11 अगस्त 2026 से सदर अस्पताल में 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, उपचार, सर्जरी और विशेषज्ञ परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
शिविर में बच्चों की विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। इनमें दंत रोग, क्लब फुट, ऑर्थोपेडिक समस्या, त्वचा रोग, बाल रोग, स्त्री एवं प्रसूति परामर्श, नेत्र रोग, कान-नाक-गला (ENT) और न्यूरोसर्जरी जैसी सेवाएं शामिल हैं।
24 अगस्त को कटे होंठ-तालु की विशेष जांच
शिविर के तहत 24 अगस्त 2026 को कटे होंठ एवं तालु से संबंधित बच्चों के लिए विशेष जांच, विशेषज्ञ परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा जन्मजात हृदय रोग (CHD), डाउन सिंड्रोम, विकास संबंधी विकार, सुनने और देखने की समस्या, न्यूरल ट्यूब डिफेक्ट, एनीमिया सहित अन्य बीमारियों की समय रहते पहचान करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
जिला प्रशासन का उद्देश्य बच्चों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान कर निःशुल्क उपचार एवं आवश्यक सर्जरी उपलब्ध कराना है, ताकि बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य और स्वस्थ भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाया जा सके।
कुसुम न्यूज़ से कुमार की रिपोर्ट