धनबाद:नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित विशेष दिव्यांग स्कूल “पहला कदम” में आज जिला विधिक सेवा प्राधिकार , धनबाद के तत्वावधान में सोमवार, 10 अगस्त 2026 को मोबाइल लीगल सर्विस कैंप एवं लाभ वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष बच्चों, उनके अभिभावकों एवं जरूरतमंद लोगों को कानूनी अधिकारों तथा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को दिव्यांग पेंशन, राशन कार्ड, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी दी गई। योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों के बारे में भी उपस्थित लोगों को मार्गदर्शन दिया गया।
डीएलएसए की टीम ने विशेष बच्चों के कानूनी अधिकारों, उन्हें मिलने वाली सुविधाओं तथा उनके संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया। अभिभावकों ने अपनी समस्याएं एवं आवश्यकताएं साझा कीं, जिनके समाधान के लिए उन्हें उचित जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में डीएलएसए से मयंक टी. टोपनो, सुमन पाठक असिस्टेंट एलएडीसीएस एवं सौरभ सरकार सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। पहला कदम के सुपरवाइजर कौशल अग्रवाल भी कार्यक्रम में शामिल हुए और कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग किया।
इस अवसर पर पहला कदम की सचिव अनीता अग्रवाल ने कहा कि विशेष बच्चों और उनके परिवारों तक कानूनी सहायता एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे शिविरों से अभिभावकों को अपने अधिकारों को समझने तथा बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का लाभ लेने में काफी मदद मिलती है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विशेष बच्चों एवं जरूरतमंद परिवारों को कानूनी सहायता, अधिकारों और सरकारी योजनाओं से जोड़ना तथा उन्हें जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाना रहा। पहला कदम विशेष स्कूल में आयोजित इस पहल से अभिभावकों एवं लाभार्थियों को काफी लाभ मिला।
कुसुम न्यूज़ से कुमार की रिपोर्ट