हाजीपुर: 07.08.2026
आज दिनांक 07.08.2026 को पाटलिपुत्र रेल परिसर, दीघा, पटना में आयोजित समारोह में महाप्रबंधक ने वर्ष 2026 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार से पुरस्कृत किया । समारोह का उद्घाटन महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह, पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती सुनीता सिंह एवं अन्य उपस्थित गणमाण्य द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया । इसके उपरांत महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह, अपर महाप्रबंधक श्री अमरेन्द्र कुमार व अन्य अधिकारियों द्वारा रेल सप्ताह समारोह पुस्तिका का विमोचन किया गया । इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक श्री अमरेन्द्र कुमार, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री सुरेश चन्द्र श्रीवास्तव सहित मुख्यालय के उच्चाधिकारीण एवं पांचों मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक उपस्थित थे। समारोह के दौरान मुख्यालय एवं पांचों मंडलों के कल्चर टीम द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया जिसे उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सराहा गया ।
आज के इस समारोह में महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह द्वारा वर्ष 2026 में विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार के लिये कुल 95 अधिकारियों/कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन हेतु विभागों/मण्डलों के मध्य 56 दक्षता एवं सर्वांगीण दक्षता शील्ड भी प्रदान किया गया ।
आज के समारोह के दौरान समग्र क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य दक्षता के लिए 2026 का महाप्रबंधक ओवर ऑल एफिशिएंसी शील्ड धनबाद मंडल को प्रदान किया गया जबकि महाप्रबंधक एफिशिएंसी रनर्स अप कप सोनपुर एवं डीडीयू मंडल को संयुक्त रूप से दिया गया । पूर्व मध्य रेल में सफाई अभियान के लिए बड़े स्टेशनों की श्रेणी में डीडीयू जं. को, मध्यम श्रेणी के स्टेशनों में नरकटियागंज स्टेशन को तथा छोटे स्टेशनों की श्रेणी में राजगीर स्टेशन को स्वच्छता शील्ड प्रदान किया गया । जनशिकायत निवारण में श्रेष्ठ प्रदर्शन से संबंधित रेल मदद शील्ड समस्तीपुर एवं सोनपुर मंडल को संयुक्त रूप से दिया गया ।
समारोह के प्रारंभ में महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि आपके सामूहिक प्रयासों से पूर्व मध्य रेल ने चालू वित्तीय वर्ष के प्रथम तिमाही में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। यात्री सुविधाओं, सुरक्षा, संरक्षा, आधारभूत संरचना के विकास तथा राजस्व वृद्धि के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त हुई है । अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत स्टेशनों के आधुनिकीकरण का कार्य भी तेजी से प्रगति पर है। कर्मचारी कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। नियुक्ति, पदोन्नति अनुकंपा नियुक्ति, छात्रवृत्ति, स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण तथा खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं । महाप्रबंधक महोदय ने कहा कि इन सभी उपलब्धियों का श्रेय आप सभी कर्मचारियों की मेहनत, निष्ठा और समर्पण तथा टीम भावना को जाता है ।
इस अवसर पर दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री विनोद कुमार, पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री उदय सिंह मीना, धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री अखिलेश मिश्र, समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री ज्योति प्रकाश मिश्रा एवं सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री अमित सरन सहित मुख्यालय एवं पांचों मण्डलोें से आए अधिकारीकण, महिला कल्याण संगठन की सदस्यायें, पूर्व मध्य रेल के मान्यता प्राप्त यूनियन के अधिकारी एवं सदस्य तथा बड़ी संख्या में रेलकर्मी एवं उनके परिवार के सदस्य उपस्थित थे ।