हर महादेव सेवा ट्रस्ट ने डाक बम कांवरियों के लिए लगाया सेवा शिविर

Share This News

धनबाद। सावन माह की पहली सोमवारी के अवसर पर पुराना बाजार स्थित हर महादेव सेवा ट्रस्ट द्वारा डाक बम कांवरियों के लिए विशेष सेवा शिविर का आयोजन किया गया।ट्रस्ट के तत्वावधान में 3 अगस्त 2026 को आयोजित इस शिविर में कांवरियों के विश्राम, जलपान और स्वागत की समुचित व्यवस्था की गई थी।यह सेवा प्रत्येक सोमवारी को जारी रहेगा।ट्रस्ट पिछले 23 वर्षों से लगातार सावन माह में शिवभक्तों की सेवा में जुटा हुआ है।इस वर्ष ट्रस्ट द्वारा डाक बम एवं कांवरियों के लिए लस्सी, शीतल पेयजल, फल एवं मिठाइयों का वितरण किया गया। शिविर में ट्रस्ट के अध्यक्ष दिवाकर सिंह,महासचिव बिजय साव, कोषाध्यक्ष राजा चन्द्रवंशी, सचिव ऋषि साव सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय रूप से सेवा कार्य में लगे रहे।कार्यक्रम में युवा संघर्ष मोर्चा के केंद्रीय संयोजक दिलीप सिंह भी उपस्थित हुए। उन्होंने कहा कि सावन का पवित्र माह भगवान शिव की आराधना का अवसर है। इस दौरान आने वाले सभी डाक बम एवं कांवरियों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।ट्रस्ट के सदस्यों ने बताया कि पहली सोमवारी को मनिया मोड़,कटहल गाछ अबरखिया और इनरावरण में भी सेवा शिविर लगाए गए थे। सावन माह की प्रत्येक सोमवारी को इन तीनों स्थानों पर सेवा शिविर का आयोजन निरंतर जारी रहेगा।दिलीप सिंह ने कहा कि हर हर महादेव सेवा ट्रस्ट आगे भी फल, फूल, वस्त्र एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों की व्यवस्था कर शिवभक्तों की सेवा करता रहेगा।स्थानीय लोगों ने ट्रस्ट की इस सामाजिक पहल की सराहना की है और इसे मानव सेवा की उत्कृष्ट मिसाल बताया।

Leave a comment