धनबाद: बरनवाल युवा मंच महिला समिति, धनबाद द्वारा रविवार को जोड़ा फाटक रोड स्थित होटल कृतिमान में सावन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज की सैकड़ों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे आयोजन में सावन की पारंपरिक संस्कृति, सामाजिक एकता एवं महिला सशक्तिकरण की सुंदर झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, महिला समिति की अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा भगवान अहिबरन जी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं प्रभात खबर की चीफ रिपोर्टर श्रीमती सत्या राज को बुके एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
सावन महोत्सव में महिलाओं के लिए झूला, समूह एवं एकल नृत्य, फ्लोर डांस, हाउजी, क्विज प्रतियोगिता सहित कई मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। साथ ही स्वादिष्ट नाश्ता एवं भोजन की भी उत्कृष्ट व्यवस्था की गई। कार्यक्रम का प्रभावी एवं आकर्षक संचालन प्रतिभा कुमारी ने किया।
मुख्य अतिथि श्रीमती सत्या राज ने महिला समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं। उन्होंने महिलाओं की सक्रिय भागीदारी की प्रशंसा करते हुए कहा कि घर की जिम्मेदारियों के साथ समाज के लिए समय निकालना वास्तव में प्रेरणादायक है। उन्होंने सभी से एकजुट रहकर समाज के सुख-दुख में सहभागी बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति की अध्यक्ष सुनीता बरनवाल ने की। सावन महोत्सव में आयोजित विशेष प्रतियोगिता में निभा बरनवाल को “सावन क्वीन 2026” चुना गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सांस्कृतिक मंत्री रंजना बरनवाल की विशेष भूमिका रही, जिनकी तैयारियों ने आयोजन को यादगार बना दिया।
आयोजन की सफलता में अध्यक्ष सुनीता बरनवाल, उपाध्यक्ष सरिता बरनवाल, सचिव रजनी बरनवाल, सांस्कृतिक मंत्री रंजना बरनवाल, कोषाध्यक्ष प्रतिभा कुमारी सहित प्रियंका बरनवाल, कंचन बरनवाल, सिन्नी बरनवाल, कांति बरनवाल, लवली बरनवाल, रूबी बरनवाल, सुमन बरनवाल, सुषमा बरनवाल, कविता बरनवाल, रूबी कुमारी एवं अन्य कार्यकारिणी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।