Breaking News

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ी CJP, जेपी नड्डा संग बैठक रही बेनतीजा; आंदोलन जारी रखने का ऐलान

Share This News

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर अपनी प्रमुख मांगों को उनके समक्ष रखा। बैठक कई घंटों तक चली, लेकिन इसके बाद भी सरकार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा या ठोस निर्णय सामने नहीं आया।

बैठक समाप्त होने के बाद CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका ने बातचीत को निराशाजनक बताते हुए कहा कि सरकार की ओर से उनकी किसी भी मांग पर स्पष्ट आश्वासन नहीं मिला। उनके अनुसार, इस चर्चा से कोई ठोस परिणाम नहीं निकला।

रांका ने कहा कि पार्टी अपने रुख पर कायम है और जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबी बातचीत के बावजूद समाधान की दिशा में कोई प्रगति नहीं हुई।

मीडिया से बातचीत में आशुतोष रांका ने कहा कि सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल और जंतर-मंतर पर चल रहा प्रदर्शन पहले की तरह जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि अब सरकार को खुद प्रदर्शन स्थल पर आकर प्रदर्शनकारियों से संवाद करना चाहिए।

इससे पहले, जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद रांका ने सोशल मीडिया मंच X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि केंद्रीय मंत्री ने उनकी मांगों पर पार्टी नेतृत्व से चर्चा करने के लिए कुछ समय मांगा है। उन्होंने कहा कि CJP की प्रमुख मांगों में सोनम वांगचुक की तत्काल रिहाई, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा तथा कथित तौर पर आत्महत्या करने वाले नीट अभ्यर्थियों के परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देना शामिल है।

Leave a comment